भोपाल में अवैध कॉलोनी पर नगर निगम की कार्रवाई, 2.3 एकड़ में बनी सड़क-गेट तोड़े
भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने जोन-16 क्षेत्र में दो स्थानों पर अवैध निर्माण और कॉलोनी विकास के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेसीबी से निर्माण ढहा दिए। कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विवाद या विरोध की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
पहली कार्रवाई ग्राम खेजड़ा बरामद में की गई, जहां करीब 2.3 एकड़ जमीन पर बिना सक्षम अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं अयोध्या बायपास स्थित इंडस मुस्कान कॉलोनी में मकान के सामने किए गए अनधिकृत निर्माण को हटाया गया। नगर निगम के अनुसार खेजड़ा बरामद में सवाई सिंह राजपूत और संतोष मीणा द्वारा करीब 2.3 एकड़ भूमि पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनी के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। मौके पर गेट, सड़क सहित अन्य निर्माण किए जा चुके थे। निगम के अमले ने जेसीबी की मदद से इन निर्माणों को तोड़ दिया और सड़क के किए गए निर्माण को भी हटाया।
इंडस मुस्कान कॉलोनी में भी कार्रवाई
अयोध्या बायपास स्थित इंडस मुस्कान कॉलोनी में एक मकान के सामने नियमों के विपरीत किए गए निर्माण को भी नगर निगम ने हटाया। भवन अनुज्ञा शाखा के अमले ने मौके पर पहुंचकर अनधिकृत हिस्से को तोड़ दिया।
अवैध निर्माण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
नगर निगम ने कहा है कि बिना सक्षम स्वीकृति कॉलोनी विकसित करने, अवैध निर्माण करने और सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण जैसी गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। निगम के मुताबिक, अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनी विकास पर नियंत्रण के लिए अभियान को मिशन मोड में प्रतिदिन चलाया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

