भोपाल: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, एक अन्य गंभीर
भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में मंगलवार देर रात हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय राजेश कजलीखेड़ा इलाके के रहने वाले थे और मेनिट परिसर स्थित एक छात्रावास में साफ-सफाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार रात वे अपने साढ़ू के साथ जाटखेड़ी में रहने वाले भाई के घर गए थे। खाना खाने के बाद दोनों देर रात करीब 1:30 बजे वापस घर लौट रहे थे। इस दाैरान जब दोनों रोहित नगर पुलिया के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। उनके साथी की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक ही दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां छोड़ने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। राजेश की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने घर का सहारा थे। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

