home page

भोपाल में भीषण सड़क हादसा: कार-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में 3 दोस्तों की मौत, एक गंभीर

 | 
भोपाल में भीषण सड़क हादसा: कार-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में 3 दोस्तों की मौत, एक गंभीर


भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के निपानिया इलाके में कार और भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस के मुताबिक, गुलाब मेहर चंदेरी गांव के सचिव हैं। उनकी पत्नी रेखा सरपंच हैं। उनका बेटा हर्ष मेहर (23), सतीश मेहर (26), लकी अहिरवार (26) और योगेश उर्फ गब्बर सेन (27) देर रात करीब 11:30 बजे चाय पीने के लिए गांव से निकले थे। कुछ ही दूरी पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए। हादसे में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि योगेश सेन गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि रेस्क्यू टीम को गाड़ी काटकर शवों और घायल को बाहर निकालना पड़ा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे अंधेरे में सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका। तेज रफ्तार भी हादसे की एक वजह मानी जा रही है। लकी सागौनी गांव बैरसिया रोड का रहने वाला था और खेती करता था। हर्ष मेहर ग्राम काछी बरखेड़ा का निवासी और बी. कॉम फाइनल ईयर का छात्र था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है। हादसे के समय वही कार चला रहा था। कार भी उसी की थी। सतीश मेहर ग्राम काछी बरखेड़ा का रहने वाला था। वह पिता के साथ खेती करता था। परिवार में दूसरे नंबर का था, उससे बड़ा भाई और छोटी बहन है। योगेश सेन उर्फ गब्बर सेन काछी बरखेड़ा का है। वह गंभीर रूप से घायल है, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। योगेश भी अपने पिता के साथ खेती करता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश जारी है। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी कितना बड़ा हादसा बन सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे