भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल, 15 अगस्त को होगा राज्य स्तरीय समारोह
भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को राजधानी भाेपाल के लाल परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। इस दौरान 15 अगस्त को होने वाले समारोह की पूरी प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार दोहराया गया। परेड, मार्च पास्ट, ध्वजारोहण से लेकर सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था तक का परीक्षण किया गया।
फुल ड्रेस रिहर्सल में परेड में शामिल जवान पूरे गणवेश और अनुशासन के साथ मैदान में उतरे। जवानों की कदमताल, मार्च पास्ट और परेड की विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। ध्वजारोहण के दौरान होने वाली प्रक्रियाओं को भी निर्धारित क्रम के अनुसार दोहराया गया, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी तरह की कमी न रह जाए।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का भी परीक्षण किया। पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश और निकास व्यवस्था, सुरक्षा जांच तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। रिहर्सल के दौरान सामने आई कमियों और व्यवस्थागत खामियों को 15 अगस्त से पहले दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि समारोह के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
अंतिम चरण में तैयारियां
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद प्रशासन और पुलिस ने समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा शुरू कर दी है। 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मंच, परेड, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

