home page

भोपाल: रैपिडो बाइक से ऑफिस जा रही महिला पत्रकार को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत

 | 
भोपाल: रैपिडो बाइक से ऑफिस जा रही महिला पत्रकार को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत


भोपाल, 15 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भदभदा चौराहे पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की जान चली गई। वह रैपिडो बाइक से एक निजी न्यूज चैनल के दफ्तर जा रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर पड़ीं। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में ट्रेनी पत्रकार के तौर पर काम कर रही थीं। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह रैपिडो बाइक बुक कर ऑफिस के लिए निकली थीं। भदभदा चौराहे के पास अचानक एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से गुजर रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद बाइक सवार और डंपर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहनों और उनके चालकों की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत