भोपाल: खेत में दवा का छिड़काव कर रहे पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत
भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। रातभर दोनों के शव खेत में ही पड़े रहे। शुक्रवार सुबह परिजन खेत पहुंचे ताे मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही बिलखिरिया पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसा, गुरुवार रात 18 वर्षीय आशीष खेत में फसल पर दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया। बेटे को करंट लगा देख उसके पिता ब्रजमोहन (44) उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी बिजली की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो आशीष और ब्रजमोहन को मृत अवस्था में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल बिलखिरिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
खुले तार से करंट फैलने की आशंका
प्रारंभिक जांच में खेत में खुले पड़े बिजली के तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, तार खेत में किस परिस्थिति में पड़ा था और उसमें करंट कैसे प्रवाहित हो रहा था, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में किसी व्यक्ति या बिजली विभाग की लापरवाही की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

