भोपाल के पास प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, दो घंटे हाईवे पर रहा जाम, बाजार भी बंद रहे
भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पास फंदा क्षेत्र में प्रस्तावित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में शनिवार को किसानों और ग्रामीणों का प्रदर्शन दो घंटे बाद समाप्त हो गया। किसानों की आपत्तियों पर दोबारा सुनवाई कराने का प्रस्ताव पर्यावरण विभाग को भेजने के प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खोल दिया। दोपहर 1 से 3 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान स्टेट हाईवे पर दोनों ओर करीब चार-चार किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। विरोध के समर्थन में क्षेत्र के बाजार भी बंद रहे।
प्रदर्शन की शुरुआत ग्रामीणों की सभा से हुई। इसमें बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए। भाजपा और कांग्रेस से जुड़े नेता भी एक मंच पर नजर आए। सभा के बाद ग्रामीण स्टेट हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए हाईवे पर ही हनुमान चालीसा का पाठ किया। ग्रामीणों ने फैक्ट्री के विरोध में नारेबाजी करते हुए निर्माण की अनुमति नहीं देने की मांग उठाई।
स्थिति को देखते हुए हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया और तहसीलदार कुणाल राउत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। किसानों की मांग थी कि प्रस्तावित फैक्ट्री को लेकर सभी प्रभावित ग्रामीणों को बुलाकर दोबारा लोक सुनवाई कराई जाए और उनकी आपत्तियों को सुना जाए। अधिकारियों ने बताया कि किसानों की आपत्तियां दर्ज कर ली गई हैं। दोबारा लोक सुनवाई कराने से संबंधित प्रस्ताव पर्यावरण विभाग को भेजा जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों तक भी ग्रामीणों की बात पहुंचाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया।
एसडीएम बोले- दोबारा लोक सुनवाई का प्रस्ताव पर्यावरण विभाग को भेजेंगे
हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रस्तावित प्लांट की लोक सुनवाई के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। उनकी मांग है कि सभी प्रभावित ग्रामीणों को बुलाकर दोबारा जनसुनवाई की जाए और उनकी आपत्तियां सुनी जाएं। किसानों की आपत्तियां दर्ज कर ली गई हैं। दोबारा लोक सुनवाई कराने से संबंधित प्रस्ताव पर्यावरण विभाग को भेजा जाएगा।
ग्रामीणों को जलस्रोतों और खेती पर असर की चिंता
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल हाड़ा ने कहा कि प्रस्तावित फैक्ट्री का स्थल भोजताल के कैचमेंट एरिया में है। ऐसे में फैक्ट्री से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्ट और धूल से जल एवं वायु प्रदूषण का खतरा है। इसका असर आसपास के गांवों के लोगों के स्वास्थ्य, खेती और जलस्रोतों पर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फैक्ट्री लगाने के फैसले पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि फंदा क्षेत्र से भोपाल तक बड़ी मात्रा में सब्जियों की आपूर्ति होती है। यदि प्रदूषण के कारण खेती प्रभावित हुई तो इसका असर किसानों के साथ शहर के लोगों पर भी पड़ेगा। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल फैक्ट्री के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन, पानी, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की है।
जनपद अध्यक्ष ने मंच से मांगी माफी
सभा के दौरान फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत ने ग्रामीणों से माफी मांगी। उन्होंने कहा, मैं आप सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। यह गलती मेरी मौजूदगी में हुई। अपने क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कैचमेंट एरिया में डेवलपमेंट प्रोजेक्ट रखा था।
भाजपा-कांग्रेस नेता एक मंच पर आए
फैक्ट्री के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े नेता भी शामिल हुए। सभा में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश संयोजक अवनीश भार्गव, दुर्गेश हाड़ा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल हाड़ा, जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत और कांग्रेस नेता हरीश ज्ञानचंदानी सहित कई लोग मौजूद रहे। किसान नेता राजेंद्र मंडलोई ने हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक ने ग्रामीणों से संघर्ष और आंदोलन करने की बात कही थी, लेकिन वे खुद आंदोलन में शामिल नहीं हुए। उन्होंने विधायक से आंदोलन को समर्थन देने की बात भी कही। वहीं, किसान नेता दुर्गेश हाड़ा ने मांग की कि कलेक्टर मौके पर आकर ग्रामीणों से चर्चा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि फैक्ट्री लगाने की दिशा में आगे बढ़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष नर्मदाप्रसाद पाटीदार ने भी किसानों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि सीमेंट फैक्ट्री के कई दुष्परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ खड़े रहने की बात कही।
मशाल जुलूस निकालकर भी जता चुके हैं विरोध
ग्रामीण प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं। गुरुवार रात ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया था। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे। इनमें 'जन-जन ने यह ठाना है, प्रदूषणकारी फैक्ट्री को भगाना है' और 'अल्ट्राटेक भगाओ, गांव बचाओ' जैसे नारे लिखे थे। ग्रामीणों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि प्रदूषण का असर किसी जाति, वर्ग या आर्थिक स्थिति को देखकर नहीं होगा। इसलिए सभी को मिलकर क्षेत्र के पर्यावरण और खेती को बचाने के लिए आवाज उठानी होगी। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हो गया है, लेकिन फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों का विरोध बरकरार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

