home page

भोपाल में ई-रिक्शा रोकने पर हंगामा, पुलिसकर्मियों ने ई रिक्शाचालक युवक से बदसलूकी की तो पत्नी ने जहर खाया

 | 
भोपाल में ई-रिक्शा रोकने पर हंगामा, पुलिसकर्मियों ने ई रिक्शाचालक युवक से बदसलूकी की तो पत्नी ने जहर खाया


भोपाल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रैफिक पुलिस द्वारा ई-रिक्शा रोके जाने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि चालक की पत्नी ने जहर खा लिया। घटना के बाद युवक ने बीच सड़क रिक्शा खड़ा कर हंगामा किया, जिससे जाम की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी निवासी नवल कुशवाह उर्फ राहुल अपनी पत्नी पूजा के साथ निजी काम से बाजार जा रहा था। आरोप है कि सिग्नल ताेड़ने के संदेह में ट्रैफिक पुलिस ने उसका ई-रिक्शा रोका। दस्तावेज मांगने और थाने ले जाने की बात पर बहस बढ़ गई। युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे झूमाझटकी की और चालान व जब्ती की धमकी दी। इसी दौरान घबराकर उसकी पत्नी ने पर्स में रखी चूहे मार दवा खा ली।

पत्नी की हालत बिगड़ने के बावजूद युवक करीब दस मिनट तक मौके पर हंगामा करता रहा। गुस्से में उसने ट्रैफिक चौकी के बाहर खड़ी पुलिस बाइकों को नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ता देख संबंधित पुलिसकर्मी पुराने कंट्रोल रूम भवन में चले गए। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों की समझाइश पर युवक पत्नी को ई-रिक्शा से अस्पताल लेकर रवाना हुआ।

नवल का कहना है कि वह रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता है और चालान या जब्ती की स्थिति में आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। उसने पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि पत्नी को कुछ हुआ तो वे जिम्मेदार होंगे।

वहीं ट्रैफिक एसीपी अजय बाजपेयी ने कहा कि सिग्नल जंप करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। युवक ने अभद्रता की और हंगामा किया। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे