home page

भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 1.95 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 1.95 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


भोपाल, 30 जून (हि.स.)। गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के तहत चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के दौरान भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.95 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भाेपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया गया कि पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढ़ार और अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अशोक मरावी की टीम को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

23 जून 2026 को क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक गोविंदपुरा स्थित कस्तूरबा अस्पताल के सामने सब्जी मंडी क्षेत्र में स्मैक की डील करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिली स्मैक

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सागर गोहिया (23) निवासी अयोध्या नगर और प्रेम लोधी (24) निवासी नर्मदा कॉलोनी, अयोध्या नगर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से प्लास्टिक की पारदर्शी पन्नी में रखा 1.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई।

एक आरोपी पर पहले से दर्ज है मामला

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सागर गोहिया के खिलाफ गोविंदपुरा थाने में पहले से धारा 135(3) बीएनएस के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज है। वह रैपिडो चालक का काम करता है। वहीं दूसरा आरोपी प्रेम लोधी पेशे से मिस्त्री है।

नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी

भोपाल पुलिस ने कहा है कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पारस सोनी, प्रधान आरक्षक दिलीप मिश्रा, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सिंह, आरक्षक शैलेन्द्र कौरव, रविन्द्र पलासिया और हेमेन्द्र बित्तल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे