home page

भोपाल के लोहा बाजार में विवाद, बुर्का पहनी महिला पर मांस फेंकने का आरोप, दोनों पक्ष आमने-सामने

 | 
भोपाल के लोहा बाजार में विवाद, बुर्का पहनी महिला पर मांस फेंकने का आरोप, दोनों पक्ष आमने-सामने


भोपाल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लोहा बाजार और लखेरा बाजार में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब व्यापारियों ने एक बुर्का पहने महिला को दुकानों के सामने कथित रूप से मांस के टुकड़े फेंकते हुए पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें महिला के हाथों में पहने ग्लव्स पर लाल रंग के धब्बे दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में कुछ व्यापारी महिला से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। कैमरे में महिला के दस्तानों पर लाल निशान दिखते हैं, जिन्हें व्यापारी मांस का खून बता रहे हैं। वीडियो में महिला खुद को एक एनजीओ से जुड़ा बताती है और कहती है कि वह आवारा कुत्तों को खाना खिला रही थी। बहस के दौरान 112 नंबर पर कॉल करने और थाने चलने की बात भी सुनाई देती है। मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने महिला की कार की चाबी अपने पास रख ली।

व्यापारियों का आरोप

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में मंदिर और जैन मंदिर स्थित हैं, जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। आरोप है कि पिछले एक-दो महीनों से दुकानों के सामने मांस के टुकड़े फेंके जा रहे थे, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं। व्यापारियों का दावा है कि कई बार समझाइश देने के बावजूद यह सिलसिला जारी रहा।

महिला का पक्ष

वीडियो में महिला माफी मांगते हुए आगे से ध्यान रखने की बात कहती सुनाई देती है। उसका कहना है कि वह केवल कुत्तों को भोजन करा रही थी और किसी की भावना आहत करने का उद्देश्य नहीं था।

हिंदू संगठन ने सौंपा ज्ञापन

इधर मामले को लेकर हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने कोतवाली थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और संबंधित महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि पुराने भोपाल के बाजार क्षेत्र में दुकानों और मंदिरों के सामने मांस के टुकड़े फेंके जाने से व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जैन मंदिर और शिव मंदिर स्थित हैं, जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में इस तरह की गतिविधियों से धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचती है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में ज्ञापन देकर संबंधित महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। कोतवाली थाने के टीआई काशीराम कुशवाह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। महिला को पूर्व में भी समझाइश दी जा चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे