home page

भोपाल: देर रात सीएम हाउस से हटाए गए नर्सिंग छात्र, सुबह फिर नीलम पार्क में डाला डेरा, कहा- आंदोलन खत्म नहीं

 | 
भोपाल: देर रात सीएम हाउस से हटाए गए नर्सिंग छात्र, सुबह फिर नीलम पार्क में डाला डेरा, कहा- आंदोलन खत्म नहीं


भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में नर्सिंग छात्रों का आंदोलन थमने के बजाय लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार रात मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरने पर बैठे नर्सिंग छात्र-छात्राओं को पुलिस ने करीब 12 बजे वहां से हटा दिया।

छात्रों का आरोप है कि उन्हें बसों में बैठाकर रेलवे स्टेशन छोड़ दिया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह छात्र फिर नीलम पार्क पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री निवास से हटाए जाने के बावजूद आंदोलन खत्म नहीं होगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक किया जाएगा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से भोपाल पहुंचे नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने नीलम पार्क में प्रदर्शन करते हुए सरकार से उनकी मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि कई वर्षों से परीक्षा, परिणाम, छात्रवृत्ति, डिग्री और रजिस्ट्रेशन जैसी समस्याओं के कारण उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट निर्णय और लिखित आश्वासन देने की मांग की है।

स्टेट कोर कमेटी के सदस्य मनोज रजक ने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों से नर्सिंग छात्र भोपाल में आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को छात्र मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरने पर बैठे थे। उनके मुताबिक, रात करीब 12 बजे पुलिस ने छात्रों को वहां से हटा दिया और बसों में बैठाकर रेलवे स्टेशन छोड़ दिया। रजक ने कहा कि इसके बावजूद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। गुरुवार को नीलम पार्क में दिनभर धरना दिया गया। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश के अलग-अलग जिलों से छात्र भोपाल पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने 2 सितंबर को होने वाली न्यायिक सुनवाई में छात्रों के पक्ष में समाधान निकलने की उम्मीद जताई।

छात्रों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने का प्रयास भी किया, लेकिन छात्रों के अनुसार सरकार और प्रशासन की ओर से संवाद नहीं हो सका। छात्रों की मांग है कि मुख्यमंत्री से उनकी जल्द मुलाकात कराई जाए, ताकि वर्षों से लंबित समस्याओं पर ठोस निर्णय हो सके।

एनएसयूआई ने दिया समर्थन, घेराव की चेतावनी

मध्य प्रदेश एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने नर्सिंग छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों नर्सिंग छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों की परीक्षा, रिजल्ट, छात्रवृत्ति सहित अन्य समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। परमार ने आरोप लगाया कि बुधवार को छात्र सुबह से रात तक मुख्यमंत्री निवास के बाहर धरने पर बैठे रहे, लेकिन देर रात उन्हें वहां से हटा दिया गया। उन्होंने इसे छात्रों के प्रति दमनात्मक कार्रवाई बताया। उन्होंने सरकार और चिकित्सा शिक्षा विभाग से नर्सिंग छात्रों की परीक्षाएं कराने, लंबित परिणाम जारी करने और छात्रवृत्ति सहित अन्य समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो एनएसयूआई नर्सिंग छात्रों के समर्थन में प्रदेशभर में आंदोलन करेगी और मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जाएगा।

मान्यता विवाद से वर्षों से प्रभावित है छात्रों का भविष्य

नर्सिंग छात्रों का कहना है कि कॉलेजों की मान्यता से जुड़े विवाद और न्यायिक प्रक्रिया के कारण उनका शैक्षणिक सत्र लंबे समय से प्रभावित है। कई छात्र परीक्षा, रिजल्ट, डिग्री और रजिस्ट्रेशन का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेजों की मान्यता से जुड़ी अनियमितताओं का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। अब छात्र सरकार से मामले में स्पष्ट निर्णय, लंबित शैक्षणिक प्रक्रिया पूरी कराने और उनकी समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन मांग रहे हैं। छात्रों ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर प्रदेश के अन्य जिलों से भी छात्र भोपाल पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे