home page

भोपाल में भाजपा पार्षद ‘लापता’ के पर्चों से हड़कंप, 5 हजार इनाम की घोषणा, परिजन बोले-थाने में शिकायत करेंगे

 | 
भोपाल में भाजपा पार्षद ‘लापता’ के पर्चों से हड़कंप, 5 हजार इनाम की घोषणा, परिजन बोले-थाने में शिकायत करेंगे


भोपाल, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीजेपी की महिला पार्षद को ‘लापता’ बताकर पम्पलेट्स बांट दिए गए। वार्ड-61 अवधपुरी क्षेत्र की पार्षद मधु शिवनानी की तस्वीर वाले इन पर्चों में उनकी जानकारी देने पर 5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह वार्ड के कई घरों में अखबारों के भीतर ये पम्पलेट्स रखे मिले। इनमें दावा किया गया कि पार्षद पिछले तीन महीने से लापता हैं। साथ ही यह भी लिखा गया कि उनकी अनुपस्थिति में फर्जी दस्तावेज, यहां तक कि मृत्यु प्रमाण पत्र तक बनाए जाने की कोशिश हुई है।

सबसे अहम सवाल यही है कि ये पम्पलेट्स किसने छपवाए और बंटवाए। अब तक इसका कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। स्थानीय स्तर पर इसे शरारत या साजिश के रूप में भी देखा जा रहा है। मधु शिवनानी पहली बार की पार्षद हैं और उनके पति संजय शिवनानी संगठन में मंडल महामंत्री हैं। वार्ड-61 में अवधपुरी जैसा बड़ा इलाका शामिल हैं।

परिजन बाेले-लापता नहीं, नीदरलैंड में हैं

पार्षद के पति संजय शिवनानी ने साफ किया कि मधु शिवनानी लापता नहीं हैं, बल्कि अपने बेटे के पास नीदरलैंड गई हुई हैं। उनका बेटा वहां सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और हाल ही में उनके घर पोते का जन्म हुआ है, जिसके चलते वे फरवरी में विदेश गई थीं। परिवार के अनुसार, मार्च में उनकी वापसी तय थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण फ्लाइट री-शेड्यूल करनी पड़ी। इसके अलावा उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी, जिसके चलते डॉक्टर ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी।

पुलिस में शिकायत की तैयारी

परिजनों ने बताया कि पार्षद जल्द ही भोपाल लौटेंगी। उनके लौटते ही पम्पलेट्स बंटवाने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल उनके पति और परिवार के सदस्य क्षेत्र में सक्रिय बने हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे