home page

भाेपाल के हिंदी भवन में आज गूंजेगा सनातन का स्वर, भव्य हिंदू धर्मसभा में शामिल हाेंगे राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य

 | 
भाेपाल के हिंदी भवन में आज गूंजेगा सनातन का स्वर, भव्य हिंदू धर्मसभा में शामिल हाेंगे राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य


भाेपाल, 01 मार्च (हि.स.)। भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से राजधानी के हिंदी भवन में आज रविवार को दोपहर 2 बजे से भव्य सनातन हिंदू धर्मसभा का आयोजन किया जा रहा है। धर्म सुधाकर सेवा समिति के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली के सदस्य प्रियंक कानूनगो विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में रामेश्वर शर्मा उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चेतन भार्गव अपनी सहभागिता देंगे।

धर्मसभा में नगर एवं बाहर से पधारने वाले धर्माचार्य और विद्वान अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देंगे। इनमें वैदज्ञ पौराणिक आचार्य पंडित बृजेश भार्गव, लेखराज शर्मा, संजय चौबे, डॉ. रमेश प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. मनोज शास्त्री (विदिशा), आचार्य रवि शास्त्री, कृष्ण चेतन (चित्रकूट), डॉ. शिवदत्त मिश्र, पंडित कपिल शर्मा, अवधेश चौबे और राजपुरोहित सहित अनेक विद्वान शामिल रहेंगे।

आयोजक आचार्य पंडित योगेंद्र शास्त्री ने बताया कि धर्मसभा का मूल उद्देश्य भारतीय संस्कृति के मूल सिद्धांत—धर्म, सत्य, करुणा, सेवा और राष्ट्रभक्ति—का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि भौतिकवाद और आधुनिक जीवनशैली के प्रभाव से युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं से दूर होती जा रही है। ऐसे में इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का कार्य करते हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह धर्मसभा केवल धार्मिक अनुष्ठान न रहकर भारतीय संस्कृति की गौरवशाली विरासत को पुनः जागृत करने का सशक्त मंच बनेगी। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर समापन तक चलेगा। शहर सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे