home page

भोपाल में 6 साल की बच्ची से बैड टच, आरोपी गिरफ्तार, गुस्साई जनता ने सड़क पर किया जाम

 | 
भोपाल में 6 साल की बच्ची से बैड टच, आरोपी गिरफ्तार, गुस्साई जनता ने सड़क पर किया जाम


भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स इलाके में रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित कन्या भोज के दौरान एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है।

परिजनों के अनुसार, रामनवमी के दिन करीब 60 वर्षीय आरोपी ने मासूम को बहाने से अपने घर बुलाया और उसके साथ बैड टच जैसी घिनौनी हरकत की। बच्ची ने अगले दिन हिम्मत जुटाकर परिवार को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत अरेरा हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बच्ची के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं अरेरा हिल्स थाने पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साई महिलाओं ने थाने का घेराव करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। गुस्साई महिलाएं थाने के सामने वाली मुख्य सड़क (रोशनपुरा से जहांगीरबाद जाने वाली सड़क) पर भी बैठ गईं और ट्रैफिक जाम कर दिया।

थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि कन्या भोज के दौरान आरोपी ने बच्ची को बुलाकर घटना को अंजाम दिया। बच्ची के बयान के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिलाओं ने थाना प्रभारी से मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे