भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती के पास प्लास्टिक प्लांट में लगी आग, 20 फीट ऊंची उठीं लपटें
भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती के पास सोमवार सुबह प्लास्टिक प्लांट में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। प्लांट से निकलता धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही खंती और आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
यह प्लास्टिक प्लांट प्रतिदिन 5 टन कचरे के प्रसंस्करण की क्षमता वाला है और पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर संचालित होता है। इसका संचालन टेराफॉर्म संस्था कर रही है। संस्था के संचालक राहुल चौधरी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगजनी का आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट के कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उपायुक्त भुवन गुप्ता ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस साल आगजनी की चौथी घटना
आदमपुर कचरा खंती में इस साल आग लगने की यह चौथी घटना बताई जा रही है। इससे पहले भी यहां आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हर साल गर्मी और अन्य मौसमों में कचरे में आग लगने की घटनाओं के चलते यहां स्थायी रूप से दमकल वाहन तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद आग लगने पर उसे नियंत्रित करने में दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ती है।
कचरे के पहाड़ और भूजल प्रदूषण का मुद्दा भी चर्चा में
आदमपुर खंती में जमा कचरे के निपटान का मामला लंबे समय से चर्चा में है। कचरे के ढेर और उससे होने वाले संभावित पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर आसपास के रहवासी भी चिंता जताते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भूजल प्रदूषण की समस्या का मुद्दा भी उठता रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए टैंकरों पर निर्भरता की बात सामने आती रही है। इस बीच आदमपुर खंती में जमा कचरे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी चल रही है। मामले में 17 नवंबर को सुनवाई निर्धारित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

