भोपाल: आदमपुर कचरा खंती में भड़की भीषण आग, 10 किमी दूर तक दिखा धुआं, कई टन कचरा और मशीनें खाक
भोपाल, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती पर शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें करीब 20 से 25 फीट तक उठती दिखीं, जबकि घना धुआं लगभग 10 किलोमीटर दूर से भी नजर आया। इस घटना में कई टन कचरे के साथ कुछ मशीनों के जलने की भी जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे आग लगने के बाद आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। विशेषज्ञ सुभाष सी. पांडे के मुताबिक, आदमपुर कचरा खंती में आग लगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन नगर निगम इस पर नियंत्रण पाने में सफल नहीं हो पाया है। इसके चलते आसपास का वातावरण, खासकर हवा और पानी, दोनों प्रदूषित हो चुके हैं। इस मुद्दे को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में याचिका भी दायर की जा चुकी है। शनिवार की आग में कुछ मशीनें भी इसकी चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि डंपिंग साइट के मुख्य गेट के पास मौजूद आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) के ढेर से पहले धुआं उठना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने शुरुआत में कचरा हटाकर आग रोकने की कोशिश की, बाद में दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम जारी रखा।
गौरतलब है कि आदमपुर कचरा खंती में हर साल आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। यहां स्थायी रूप से दमकल की व्यवस्था भी की गई है, लेकिन कई बार आग इतनी विकराल हो जाती है कि समय रहते उस पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

