राजगढ़ः सारंगपुर में 46.24 करोड़ से बनेगा 7 किमी लंबा फोरलेन, 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन
राजगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए शनिवार को प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने ओल्ड एबी रोड के फोरलेन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
करीब 46 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से 7 किलोमीटर लंबे मार्ग का चैड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जाएगा। सड़क के बीच डिवाइडर और आधुनिक स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। इसके साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों में 3 करोड़ 76 लाख 75 हजार 336 रुपए से अधिक लागत के 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
राज्यमंत्री टेटवाल ने बताया कि वार्ड क्रमांक 2, 4, 7, 8, 14 और 15 में होने वाले कार्यों में सीसी रोड, डामरीकरण, आरसीसी नाली और पेवर ब्लॉक निर्माण शामिल हैं। कपिलेश्वर मंदिर परिसर में ऑडिटोरियम हॉल तथा कपिलेश्वर धाम में विद्युत पोल और प्लांटर लगाने के कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से जल निकासी, आवागमन और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार होगा।
मंत्री टेटवाल ने बताया कि कालीसिंध नदी पर 15.82 करोड़ रुपए की लागत से पुल और करीब 5.25 करोड़ रुपए से जनपद पंचायत भवन का निर्माण चल रहा है। लगभग 4.85 करोड़ रुपए की लागत से विश्रामगृह भी बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए क्षेत्र में 11 उपस्वास्थ्य केंद्र शुरू किए गए हैं। सिविल अस्पताल में चार डायलिसिस इकाइयां भी स्थापित की गई हैं। शिक्षा के क्षेत्र में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 1.36 करोड़ रुपए से अधिक लागत के सात अतिरिक्त कक्ष बनाए जा रहे हैं। शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में बाउंड्रीवॉल और छह अतिरिक्त कक्षों के लिए करीब 3.80 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं।
राज्यमंत्री ने बताया कि मोहनपुरा डेम विस्तार योजना के तहत 396.21 करोड़ रुपए की लागत से सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के 26 गांवों की करीब 11,040 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा देने की योजना है। इसकी निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर क्षेत्र का विकास करना प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

