home page

सागर: मंत्री राजपूत गौशाला पहुंचे, सांवरे सरकार एवं बंजारी माता के दर्शन कर मंदिर निर्माण का किया भूमिपूजन

 | 
सागर: मंत्री राजपूत गौशाला पहुंचे, सांवरे सरकार एवं बंजारी माता के दर्शन कर मंदिर निर्माण का किया भूमिपूजन


सागर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत अपनी धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत के साथ शुक्रवार को सागर जिले में सुरखी स्थित प्रसिद्ध सांवरे सरकार गौशाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित विपिन बिहारी जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और गौ सेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया।

मंत्री राजपूत ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया के साथ गौशाला व मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सांवरे सरकार के दर्शन कर प्रदेश एवं देश में सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

बंजारी माता मंदिर में नव निर्माण हेतु हुआ विधि-विधान से भूमिपूजन

गौशाला निरीक्षण के उपरांत मंत्री गोविंद सिंह राजपूत क्षेत्र की प्राचीन आस्था के केंद्र बंजारी माता मंदिर पहुंचे। यहाँ उन्होंने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और नव मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न किया। मंदिर निर्माण को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा गौशाला एवं मंदिर परिसर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य मार्ग से गौशाला व मंदिर परिसर तक पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है। परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइटें स्थापित की गई हैं। आश्रम व मंदिर परिसर का सुंदरीकरण और विस्तार कार्य तेज़ी से जारी है।

मंत्री राजपूत ने कहा: सुरखी विधानसभा क्षेत्र के सभी धार्मिक और आस्था के केंद्रों का निरंतर सौंदर्यकरण किया जा रहा है। मंदिर और गौशालाएं केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के लिए मैं और मेरा परिवार सदैव तत्पर रहेंगे।

मंत्री राजपूत ने केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिली है। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन का महाकाल लोक इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार गौशालाओं के विकास, तीर्थस्थलों के उन्नयन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर जनहितैषी योजनाएं संचालित कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी एवं पंडित विपिन बिहारी जी महाराज ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य मार्ग से मंदिर तक पहुँचने में श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन मंत्री जी के प्रयासों से अब पक्की सड़क और लाइटों की सुविधा उपलब्ध हो गई है।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक दानदाताओं ने मंदिर के सौंदर्यकरण हेतु सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम में सरमन सिंह, अरुण गौतम, कमलेश पांडेय, सुमन यादव खरी, विजय सिंह, सत्येंद्र सिंह सहित मंदिर समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे