home page

भिंड: छात्रा हत्याकांड पर भड़का जनाक्रोश, शव रखकर सड़क जाम, आरोपियों को फांसी देने की मांग

 | 
भिंड: छात्रा हत्याकांड पर भड़का जनाक्रोश, शव रखकर सड़क जाम, आरोपियों को फांसी देने की मांग


-पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

भिंड, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के झांकरी चौकी क्षेत्र में 9वीं कक्षा की छात्रा की हत्या के मामले को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने झांकरी चौकी के पास सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुए प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों, परिजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए। लोगों का कहना था कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए त्वरित और उदाहरणात्मक कार्रवाई जरूरी है।

पुलिस जांच में सामने आए तथ्य

पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा 28 मई को युवक रामू गुर्जर के साथ घर से गई थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी उसे बाइक से करीब 61 किलोमीटर दूर ग्वालियर के गोल पहाड़िया क्षेत्र स्थित गुप्तेश्वर पहाड़ी पर ले गया, जहां उसके दो साथी अरुण कुशवाहा और गौरव कुशवाहा पहले से मौजूद थे। आरोप है कि पहाड़ी पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि रामू और छात्रा पिछले करीब एक वर्ष से संपर्क में थे। आरोपियों ने मिलकर छात्रा को ग्वालियर बुलाने की योजना बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने छात्रा को किसी अन्य युवक को बेचने की बात कही थी। छात्रा ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के प्रयास किए जाने की भी आशंका है, जिसकी जांच जारी है।

अन्य आरोपियों को भी शामिल करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि मामले में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर उन्हें आरोपी बनाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग की।

पांच थानों का बल तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पांच थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से संवाद करते रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे