home page

भिंड में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक महिला की मौत, 17 घायल

 | 
भिंड में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक महिला की मौत, 17 घायल


कलश यात्रा के लिए जल लेने जा रहे थे ग्रामीण, कई गंभीर ग्वालियर रेफर

भिंड, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के अवसार थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां चौरई-असवार मार्ग पर जैतपुरा पुलिया के पास श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलाें में महिलाएं और बच्चे भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे चौरई-असवार मार्ग पर वीरेंद्र सिंह तोमर की कोठी के पास हुई। इकमिली गांव के ग्रामीण दतिया जिले के सेवढ़ा स्थित सनकुआ घाट से कलश यात्रा के लिए जल लेने जा रहे थे। गांव में बघेल समाज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना था, जिसके लिए श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर को बृजमोहन चला रहा था। ट्रैक्टर चालक रास्ते में वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के समय ट्रॉली में क्षमता से अधिक करीब 30 से 35 लोग सवार थे। ट्रॉली पलटते ही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को लहार सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया।

हादसे में 61 वर्षीय फूलवती पत्नी भोगीराम बघेल निवासी इकमिली की मौत हो गई। वहीं 62 वर्षीय फूलादेवी, 18 वर्षीय अमित पुत्र कठोरे बघेल, 12 वर्षीय विवेक बघेल, 35 वर्षीय आशा देवी बघेल, 45 वर्षीय गुड्डी देवी बघेल, 14 वर्षीय अंकुश बघेल, 16 वर्षीय विशाल बघेल, 16 वर्षीय अंकित बघेल, 12 वर्षीय रोष्टी बघेल, 35 वर्षीय फुलकुंअर पुत्र राजेश बघेल, 64 वर्षीय गौरा देवी पत्नी भजनसिंह बघेल, 45 वर्षीय श्यामकुंअर पुत्र कल्लू बघेल, 40 वर्षीय ढकेली देवी पत्नी मानसिंह बघेल, 30 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी चंद्रभान बघेल, नीलम पत्नी रसाल सिंह, 8 वर्षीय अजय पुत्र शिरोमन बघेल, 10 वर्षीय देवू पुत्र चंद्रभान बघेल निवासी इकमिली घायल हो गए। असवार थाना प्रभारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे