home page

भिंड में एएसआई ने क्वार्टर में फंदा लगाकर दी जान, खिड़की से साथियों ने देखा शव, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 
भिंड में एएसआई ने क्वार्टर में फंदा लगाकर दी जान, खिड़की से साथियों ने देखा शव, पुलिस ने शुरू की जांच


भिंंड, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड शहर के ट्रैफिक थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) देवेंद्र सिंह जादौन (48) सोमवार सुबह अपने सरकारी आवास में मृत अवस्था में मिले। एएसआई के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर साथी पुलिसकर्मी उन्हें बुलाने क्वार्टर पहुंचे थे। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से अंदर देखा गया, जहां वे फंदे पर लटके मिले।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और ट्रैफिक थाना का बल मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और सीएसपी निरंजन राजपूत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन अकेले रहते थे। सोमवार सुबह करीब 8 बजे रोज की तरह सफाईकर्मी उनके आवास पर पहुंची, लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास रहने वाले पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी गई। पड़ोसी पुलिसकर्मी ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो एएसआई जादौन कमरे में फंदे पर लटके दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला।

2024 से भिंड में थे पदस्थ

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सिंह जादौन मूल रूप से मुरैना जिले के तेतरा गांव के निवासी थे। वे वर्ष 2024 से भिंड ट्रैफिक थाना में पदस्थ थे। उनका परिवार ग्वालियर में रहता है, जबकि नौकरी के कारण वे भिंड स्थित सरकारी आवास में अकेले रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, एएसआई जादौन की तीन बेटियां हैं। एक बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि दूसरी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार अगले चार-पांच माह में विवाह की तारीख तय करने की तैयारी में था।

पुलिस जांच में जुटी, कारण अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एएसआई जादौन ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। मृतक एएसआई का छोटा भाई विक्रम सिंह भी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है और वर्तमान में नयागांव थाने में कार्यरत है। एएसपी प्रदीप पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे