home page

राजगढ़ः भारत माता की प्रतिमा पर झंडे को लेकर कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 | 
राजगढ़ः भारत माता की प्रतिमा पर झंडे को लेकर कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन


राजगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में गुना बाइपास चौराहे पर कमला लॉज के सामने स्थापित की जा रही भारत माता की प्रतिमा पर झंडे को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए गुरुवार को एसडीएम गोविंदकुमार दुबे को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और प्रतिमा के साथ तिरंगा स्थायी रूप से लगाने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार नगर पालिका प्रशासन द्वारा भारत माता की प्रतिमा स्थापित कर उसका अनावरण किया जाना है। प्रतिमा पर पहले तिरंगे के स्थान पर अलग रंग का झंडा लगाया गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लेकर विरोध स्वरूप ज्ञापन देने का निर्णय लिया। कांग्रेस का कहना है कि ज्ञापन कार्यक्रम तय होने के बाद शाम करीब 5 बजे झंडे को तिरंगे के स्वरूप में कर दिया गया। वर्तमान में तिरंगा लगा होने के कारण पार्टी ने तत्काल इसका विरोध नहीं किया, लेकिन प्रशासन से मांग की गई कि भविष्य में राष्ट्रीय ध्वज के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ या बदलाव नहीं किया जाए।

ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय ध्वज देश की अस्मिता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की निगरानी रखने और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आने वाले दिनों में तिरंगे को दोबारा बदलने का प्रयास किया गया तो पार्टी कार्यकर्ता आमजन के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक