home page

भगोरिया केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान: जीतू पटवारी

 | 
भगोरिया केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान: जीतू पटवारी


झाबुआ में भगोरिया महाउत्सव में शामिल हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

भाेपाल, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार काे झाबुआ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया महाउत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया तथा सरदारपुर विधायक प्रताप गेरवाल भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जीतू पटवारी ने भगोरिया महाउत्सव की सांस्कृतिक गरिमा और आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं को नमन करते हुए कहा कि भगोरिया केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, परंपरा और गौरव का प्रतीक है। सदियों से यह महापर्व सामाजिक समरसता, प्रेम और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता आ रहा है।

उन्होंने कहा कि झाबुआ और आसपास के क्षेत्रों में मनाया जाने वाला भगोरिया महाउत्सव आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत करता है, जिसमें पारंपरिक नृत्य, संगीत और लोक रीति-रिवाजों के माध्यम से समाज की समृद्ध विरासत दिखाई देती है।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी समाज की संस्कृति, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनके विकास और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे