बैतूल में राष्ट्रीय राजमार्ग 47 पर दर्दनाक हादसा, टवेरा की टक्कर से मौसेरे भाई-बहन समेत तीन की मौत
बैतूल, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-47 (बैतूल-इंदौर फोरलेन) पर मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। चिचोली थाना क्षेत्र के दनोरा-कुमली (टाहली जोड़) के पास तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, भीमपुर विकासखंड के खारीढाना गांव निवासी आंचल सेन (25) इंदौर में प्रायवेट नौकरी करती थीं। मंगलवार सुबह वह बस से इंदौर से लौटकर टाहली जोड़ पर उतरी थीं। घर पहुंचने के लिए उन्होंने अपनी सहेली खुशी पंडग्रे (22) को फोन कर बुलाया था। खुशी महदगांव क्षेत्र की रहने वाली थीं और कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा थीं। उनके पिता खेती-किसानी का कार्य करते हैं। खुशी पंडाग्रे (22) अपने मौसेरे भाई कपिल बारस्कर (18) के साथ बाइक से पहुंची थीं। तीनों बाइक पर सवार होकर गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दनोरा-कुमली जोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार टवेरा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में कपिल बारस्कर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खुशी पंडाग्रे और आंचल सेन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि खुशी महदगांव क्षेत्र की निवासी थीं और कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। वहीं कपिल जीन गांव का रहने वाला था। एक साथ घर लौट रहे तीनों युवाओं की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं। मंगलवार को जिला अस्पताल में आंचल सेन और खुशी पंडाग्रे के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि कपिल बारस्कर का पोस्टमार्टम चिचोली में हुआ। आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
कपिल बारस्कर और खुशी पंडाग्रे का अंतिम संस्कार ताप्ती घाट पर किया गया, जबकि आंचल सेन का शव उनके पैतृक गांव खारीढाना ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शामिल हुए। चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल टवेरा वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

