home page

बैतूल में कांग्रेस का तहसील घेराव, प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

 | 
बैतूल में कांग्रेस का तहसील घेराव, प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल


-किसानों की समस्याओं, बढ़ते नशे के कारोबार और कथित भ्रष्टाचार समेत 9 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

बैतूल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली में गुरुवार को कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं, क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार, नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर तहसील कार्यालय का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। जब कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने लगे तो स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बाद में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

प्रदर्शन की शुरुआत बाजार चौक पर आयोजित सभा से हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने किसानों को खाद-बीज वितरण में आ रही दिक्कतों, बिजली कटौती, नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार, अवैध नशे के कारोबार, वनभूमि के पट्टों और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा आयोजित की गई और बाजार चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए तहसील कार्यालय तक रैली निकाली गई।

बैरिकेड पर रुकी रैली, हुई नारेबाजी

तहसील कार्यालय पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया। मौके पर कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और जमकर नारेबाजी होती रही। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

इन मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए किसानों को ई-टोकन प्रणाली से खाद-बीज वितरण में हो रही परेशानियों का समाधान, एमडी ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई, नगर परिषद चिचोली में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, वनग्रामों के पात्र हितग्राहियों को पट्टे देने, बिजली कटौती रोकने और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने सहित विभिन्न मांगें उठाईं। इसके अलावा पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति पर पुनर्विचार और कुछ चर्चित मामलों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, विधानसभा प्रभारी हर्षवर्धन बघेल, ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल, पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने किया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे