बंगाल-असम में भाजपा को बढ़त, मध्य प्रदेश में जश्न, प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने खाई झालमुड़ी
भोपाल, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलते ही मध्य प्रदेश में जश्न का माहौल बन गया। खासतौर पर पश्चिम बंगाल और असम में बढ़त के संकेत मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए और प्रदेश कार्यालयों में भीड़ जुटने लगी।
राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जीत के दावे के बीच जश्न शुरू कर दिया। यहां कार्यकर्ताओं को बंगाल की मशहूर डिश झालमुड़ी खिलाकर बधाई दी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह स्वाद उनके लिए नया नहीं है, क्योंकि उनका ससुराल कोलकाता से है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी अब देश के नक्शे से सिमटती जा रही है। जश्न के लिए पटाखों की भी व्यवस्था की गई और ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने नाच-गाकर खुशी जाहिर की।
मध्य प्रदेश के नेताओं ने भी संभाली थी कमान
इन चुनावों में मध्य प्रदेश के कई वरिष्ठ भाजपा नेता पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में प्रचार के लिए भेजे गए थे। पार्टी ने सहयोगी दलों के साथ मिलकर व्यापक रणनीति के तहत चुनाव लड़ा था, जिसके शुरुआती नतीजों ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा दिया है।
जश्न जारी, अंतिम नतीजों का इंतजार
हालांकि अभी ये शुरुआती रुझान हैं, लेकिन बढ़त से उत्साहित कार्यकर्ता इसे जीत में बदलने की उम्मीद जता रहे हैं। अंतिम नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं, लेकिन फिलहाल भाजपा खेमे में जश्न का माहौल चरम पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

