बड़वानीः आवारा कुत्तों ने लकड़ी बीनने गई महिला पर किया हमला, मौके पर मौत
बड़़वानी, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी नगर के राजघाट रोड स्थित ईंट भट्टों और सवारियां हॉस्पिटल क्षेत्र के पास शुक्रवार शाम आवारा कुत्तों के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान लीला बाई पत्नी दिलीप बकवाले निवासी पाटी नाका टीन शेड तथा रानीपुरा क्षेत्र के रूप में हुई है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार लीला बाई रोज की तरह शाम करीब 5 बजे सूखी लकड़ियां और भंगार एकत्र करने गई थीं। इसी दौरान 5-6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें जमीन पर गिराकर हाथ, पैर, पेट और गले पर गंभीर रूप से नोच डाला।
ईंट भट्टे पर काम करने वाले गोलू गोले ने बताया कि उन्होंने कुत्तों के भौंकने और महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचकर पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया। हालांकि तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। पार्षद प्रतिनिधि बाबूलाल आर्य के अनुसार हमला इतना गंभीर था कि महिला को संभलने का अवसर ही नहीं मिला। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण लीला बाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगरपालिका के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि राजघाट रोड, बस स्टैंड और जिला अस्पताल परिसर सहित कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं और इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की गई थी, लेकिन नगरपालिका प्रशासन ने कोई कार्यवाही नही की।
हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore

