home page

रेलवे जलापूर्ति के लिए बरगी बांध के तीन गेट खोले गए, 112 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा

 | 
रेलवे जलापूर्ति के लिए बरगी बांध के तीन गेट खोले गए, 112 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा


जबलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। रेलवे की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मंगलवार रात करीब 9 बजे रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना (बरगी बांध) के 21 में से तीन गेट खोल दिए गए। इन गेटों को औसतन 0.33 मीटर तक खोला गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेट नंबर 11 को 50 सेंटीमीटर तथा गेट नंबर 10 और 12 को 25-25 सेंटीमीटर की ऊंचाई तक खोला गया है।

बरगी बांध के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने बताया कि जल विद्युत उत्पादन इकाइयों को मेंटेनेंस के लिए बंद किए जाने के कारण नर्मदा नदी में पानी का प्रवाह कम हो गया था, जिससे रेलवे की जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी।

उन्होंने बताया कि तीनों गेटों से कुल 112 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा, जिससे रेलवे के दारोगाघाट स्थित पंपहाउस तक पर्याप्त पानी पहुंच सके।

अधिकारियों के अनुसार, गेटों से पानी छोड़े जाने का बांध के निचले क्षेत्रों में स्थित घाटों के जलस्तर पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक