शहडोल: बाणसागर बांध 98 प्रतिशत का भरा, भराव से सिर्फ 6 सेंटीमीटर नीचे
शहडोल, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में बाणसागर बांध का जलस्तर मंगलवार को 341.58 मीटर पहुंच गया। यह बांध के पूरे भराव स्तर 341.64 मीटर से सिर्फ 6 सेंटीमीटर नीचे है। बांध में फिलहाल 98.42 फीसदी पानी भर चुका है। बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। मंगलवार की सुबह बांध में 536.83 क्यूमेक्स पानी आ रहा था, जबकि अलग-अलग रास्तों से 332.09 क्यूमेक्स पानी निकाला जा रहा था। पानी की स्थिति को देखते हुए बाणसागर बांध के सभी मुख्य गेट बंद कर दिए गए हैं।
बांध से निकाला जा रहा पानी पावर हाउस और नहरों के जरिए छोड़ा जा रहा है। इसमें पीएच-3 से 175.09 क्यूमेक्स, नहरों (एचआर) से 150 क्यूमेक्स और आरबीसी व भितरी से 1-1 क्यूमेक्स पानी भेजा जा रहा है। धूप और गर्मी के कारण करीब 5 क्यूमेक्स पानी भाप बनकर उड़ रहा है।
पिछले साल 15 सितंबर को बाणसागर का जलस्तर 341.46 मीटर था। इस साल यह 341.58 मीटर दर्ज किया गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 12 सेंटीमीटर ज्यादा है। इस बारिश के सीजन में देवलोंद इलाके में अब तक कुल 34 इंच से अधिक (865 मिमी) बारिश हो चुकी है। फिलहाल बांध में पानी आने की रफ्तार, निकलने वाले पानी से तेज है। इसे देखते हुए अफसर बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मनीष शुक्ला
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

