बालाघाट में किसान कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया, उज्जैन किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन
बालाघाट, 11 मई (हि.स.)। किसान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बालाघाट में मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भुरू पटेल के नेतृत्व में काली पुतली चौक पर आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुतला दहन के समय पुलिस और नगरपालिका कर्मियों ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पुतला जलाने में सफल रहे। किसान कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उज्जैन किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष के खिलाफ की गई जिलाबदर की कार्रवाई और दर्ज प्रकरण के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। संगठन ने इसे किसानों की आवाज दबाने का प्रयास बताया।
किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भुरू पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों से गेहूं और धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर जो वादे किए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उनका कहना था कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और ऐसे समय में किसानों की मांग उठाने वाले नेताओं पर प्रशासनिक कार्रवाई किया जाना चिंताजनक है। पटेल ने कहा कि किसान कांग्रेस किसानों के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और उनकी आवाज दबने नहीं दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

