home page

राजगढ़ः छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श में बताया अंतर, बाल अधिकारों की दी जानकारी

 | 
राजगढ़ः छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श में बताया अंतर, बाल अधिकारों की दी जानकारी


राजगढ़, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन के सहयोग से मिशन वात्सल्य योजना के तहत सोमवार को पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकार विषय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और अधिकारों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह रोकथाम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल श्रम अधिनियम, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा बाल स्वास्थ्य जैसे विषयों पर प्रजेंटेशन और वीडियो के माध्यम से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छात्राओं को समझाया कि किसी भी तरह की असहज या संदिग्ध स्थिति में चुप रहने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति राजगढ़ के अध्यक्ष ने बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर छात्राओं से संवाद किया। प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका समाधान अधिकारियों ने किया। साथ ही बाल अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी बच्चे के साथ होने वाली परेशानी की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से अपने आसपास के रहवासी क्षेत्रों में बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। उन्हें अन्य बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की जानकारी देने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष, लेबर इंस्पेक्टर, श्रम विभाग, संरक्षण अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल अधिकार सहयोगी, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि मिशन वात्सल्य के तहत जिले के अन्य चयनित विद्यालयों में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक