home page

राजगढ़ःभाईदूज पर रामदेव मंदिर में चढ़ाया दही-नारियल का प्रसाद खाने से 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ी

 | 
राजगढ़ःभाईदूज पर रामदेव मंदिर में चढ़ाया दही-नारियल का प्रसाद खाने से 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ी


राजगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुरा में मंगलवार को भाईदूज के अवसर पर रामदेव मंदिर में चढ़ाया गया प्रसाद खाने के बाद 9 से 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी- दस्त की शिकायत होने पर परिजन उन्हें ब्यावरा और नरसिंहगढ़ बैरसिया के अस्पतालों में लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम खानपुरा स्थित रामदेव मंदिर में भाईदूज के अवसर पर ग्रामीणों की ओर से दही और नारियल का प्रसाद चढ़ाया जाता है। मंगलवार सुबह भी मंदिर में भोग लगाने के बाद ग्रामीणों ने प्रसाद का वितरण किया। प्रसाद खाने के कुछ समय बाद गांव के कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई तो परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। ब्यावरा के निजी अस्पताल में मोनिका (11)पुत्री दिलीप कारपेंटर, पूर्ति (10)पुत्री विक्रम कारपेंटर, राधिका (7)पुत्री विक्रम कारपेंटर, खुश्मिता (2)पुत्र पप्पू दांगी, लोकेश (15)पुत्र रामबाबू प्रजापति, अंजली (12)पुत्री शिवलाल भिलाला और दिव्यांशी (7)पुत्री राजू सेन का उपचार किया जा रहा है। वहीं विवेक (12)पुत्र बनवारी भील और विराज (9)पुत्र बनवारी भील सहित दो से तीन बच्चों को नरसिंहगढ़ क्षेत्र के बैरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य है। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार कमलसिंह सोलंकी, ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान, मलावर थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा और देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट सहित पुलिसकर्मी अस्पताल में पहुंचे। प्रशासन और पुलिस ने मामले की जानकारी ली। प्रसाद खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक