home page

राजगढ़ः योगिनी एकादशी पर खाटूश्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जय श्री श्याम के जयकारों से गूंजा परिसर

 | 
राजगढ़ः योगिनी एकादशी पर खाटूश्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जय श्री श्याम के जयकारों से गूंजा परिसर


राजगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में हाइवे स्थित बाबा खाटूष्याम मंदिर में योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन मंदिर परिसर जय श्रीश्याम के जयकारों, भजन-कीर्तन और श्रद्धा के उल्लास से गूंजता रहा।

एकादशी के विशेष पर्व पर मंदिर समिति द्वारा बाबा खाटूष्याम को उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान खाटूश्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

शहर के अलग-अलग क्षेत्रों और ग्रामों से श्याम भक्त ढ़ोल-नगाड़ों और भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए निषान यात्रा लेकर मंदिर पहुंचे। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती का आयोजन किया गया। भक्तों ने भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम की भक्ति का आनंद लिया। कई श्रद्धालुओं ने एकादशी का व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा की और दिनभर धार्मिक आयोजनों में भाग लिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति ने पेयजल, प्रसाद वितरण, कतार व्यवस्था और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की थी। स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। धार्मिक मान्यता है कि योगिनी एकादशी का व्रत और भगवान विष्णु एवं खाटूश्याम के दर्शन करने से पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है। इसी आस्था के साथ दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के चरणों में शीश नवाया और परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिरस और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक