home page

आगरमालवाः सोमवार को निकलेगी बाबा बैजनाथ की शाही सवारी, सभी तैयारियां पूरी

 | 
आगरमालवाः सोमवार को निकलेगी बाबा बैजनाथ की शाही सवारी, सभी तैयारियां पूरी


आगरमालवा, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में श्रावण माह के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त को श्री बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी राजसी ठाट-बाट के साथ निकाली जाएगी। इसके लिये सभी तैयारियां पूरी हो गई है। इस भव्य शाही सवारी में बाबा बैजनाथ चांदी की पालकी में सवार होकर नगर की प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

भव्य शाही सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने जन सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली है। सवारी को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयत ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि बाबा बैजनाथ की भव्य शाही सवारी में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए शिवालय के मुख्य द्वार से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर के मुख्य द्वार से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, यहां से केवल पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। अशक्त, बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य द्वार से ऑटो के माध्यम से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।

एसडीएम मिलिंद ढोके ने बताया कि शाही सवारी सोमवार को दोपहर 12.30 बजे श्री बैजनाथ महादेव मंदिर, ग्राम बेटखेड़ा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों कोटा-उज्जैन रोड, छावनी नाका, झण्डा चैक, रातडिया तालाब, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा बाजार, सरकार बाड़ा, हाटपुरा, पुराना हॉस्पिटल चैराहा, माधवगंज होते हुए पुरानी कृषि उपज मण्डी, आगरमालवा में आरती उपरांत सम्पन्न होगी।

आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, भक्तगणों एवं माताओं-बहनों से अधिक से अधिक संख्या में बजरंग ध्वज, भजन मण्डली, झण्डा मण्डली, ढोल, झाँकियां एवं अखाड़ों के साथ सम्मिलित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा