home page

राजगढःनरवाई प्रबंधन को बढ़ावा देने जनजागरूकता गीत का किया लोकार्पण

 | 
राजगढःनरवाई प्रबंधन को बढ़ावा देने जनजागरूकता गीत का किया लोकार्पण


राजगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कृषकों को नरवाई प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने नरवाई प्रबंधन पर आधारित जनजागरूकता गीत का लोकार्पण किया।

यह गीत सहायक संचालक कृषि प्रहलादसिंह बारेला द्वारा तैयार किया गया है,जिसमें सरल और प्रेरणादायी शब्दों के माध्यम से किसानों को नरवाई के वैज्ञानिक प्रबंधन का संदेश दिया गया है। गीत के बोल- “राजगढ़ की रानी मैं, ये खेत मेरा ताज, नरवाई का प्रबंधन, मेरा नया राज कृषि में जिम्मेदारी और गर्व को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि नरवाई जलाना पर्यावरण और मिट्टी की उर्वरता दोनों के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर नरवाई का सदुपयोग करें, जिससे भूमि की गुणवत्ता बनी रहे और उत्पादन में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि रचनात्मक माध्यमों से जागरूकता फैलाना अधिक प्रभावी साबित होता है। गीत के निर्माता बारेला ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसानों तक सरल भाषा में महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाना है, ताकि वे नरवाई जलाने की बजाय उसके वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाएं। जिला प्रशासन ने सभी कृषकों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने और नरवाई प्रबंधन को व्यवहार में लाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक