home page

सागर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान हंगामा, पीड़ित ने आत्मदाह का किया प्रयास

 | 
सागर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान हंगामा, पीड़ित ने आत्मदाह का किया प्रयास


सागर, 26 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पीड़ित व्यक्ति ने कथित रूप से आत्मदाह का प्रयास किया। इस दौरान उसने अपने साथ लाए धार्मिक ग्रंथ रामचरितमानस को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरी निवासी बहादुर चढ़ार अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पास रखे ज्वलनशील पदार्थ को स्वयं पर डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रोक लिया और स्थिति को संभाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय कुछ देर तक मौके पर सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई, जिसके चलते परिसर में मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई। बाद में सामाजिक संगठनों के सदस्यों और नागरिकों ने हस्तक्षेप करते हुए व्यक्ति को काबू में किया तथा आग बुझाई।

बहादुर चढ़ार ने प्रशासन पर लंबे समय से शिकायतों के निराकरण न होने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि वे कई वर्षों से अपनी समस्या को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल रहा।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अमन मिश्रा और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यक्ति को शांत कराया और उसकी शिकायत सुनकर मामले की जांच का आश्वासन दिया।

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने की घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे