पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मंत्री दिलीप जायसवाल
अनूपपुर, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की जनपद पंचायत कोतमा अंतर्गत ग्राम कोठी में शनिवार को जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जल स्रोतों के संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस से विश्व योग दिवस तक विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” का उल्लेख करते हुए उन्होंने नदियों, तालाबों, नालों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया। साथ ही जल अवरोधकों और स्टॉप डैमों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए गांव-गांव सर्वे कर छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाए।
शिविर के दौरान उन्होंने नल-जल योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत अमले को निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी हैंडपंपों की नियमित निगरानी की जाए तथा तकनीकी कारणों से बंद हैंडपंपों का तत्काल सुधार कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बताया कि जिले में 12 से 18 जून तक विशेष जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से राजस्व एवं अन्य स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आवेदन पंजी संधारित की जाए तथा प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए। पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच एवं दवा वितरण भी किया गया।
शिविर में नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आयुष्मान भारत कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन पात्रता पर्ची, मुख्यमंत्री संबल योजना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कोतमा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

