भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री वर्मा ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा ने गुरुवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और जनहित से संबंधित समस्याओं से मंत्री वर्मा को अवगत कराया। उन्होंने प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के लिए प्रेषित किया गया। मंत्री वर्मा ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

