अभिनेता आशुतोष राणा और अभिनेत्री जयाप्रदा ने किए भगवान महाकाल के दर्शन
उज्जैन, 20 मार्च (हि.स.)। फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा और पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। इस दौरान वे भगवान की भक्ति में लीन नजर आए।
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा शुक्रवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और भगवान श्री महाकाल के दर्शन लाभ लिए। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा अभिनेता आशुतोष राणा का स्वागत एवं सत्कार किया गया।
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद अभिनेता आशुतोष राणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कल से नववर्ष गुड़ी पड़वा की शुरुआत हो गई है। मैं बाबा महाकाल का अनन्य भक्त हूं, इसीलिए आज समय मिलते ही बाबा महाकाल के दर्शन करने और सभी के मंगल की कामना करने यहां पर आया हूं।
पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री जयाप्रदा भी शुक्रवार को उज्जैन पहुंची। उन्होंने महाकाल मंदिर में भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। यहां उन्होंने सबसे पहले नंदी हाल से भगवान महाकाल के दर्शन कर नंदी का पूजन-अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से भगवान महाकाल को जल अर्पित किया और नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप भी किया।
पूजन-अभिषेक के उपरांत जयाप्रदा ने मंदिर परिसर में स्थित अन्य मंदिरों के भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महाकाल के दर्शन कर उन्हें अत्यंत सुकून मिला। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु यहां आता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने इसे बेहद सराहनीय बताया। उन्होंने आगे कहा कि हर सनातन धर्म के व्यक्ति को जीवन में एक बार भगवान शिव के इस पवित्र धाम के दर्शन अवश्य करने चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

