home page

अशोकनगर: धूमधाम से मनाई गई भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती, निकली शोभायात्रा

 | 
अशोकनगर: धूमधाम से मनाई गई भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती, निकली शोभायात्रा


अशोकनगर: धूमधाम से मनाई गई भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती, निकली शोभायात्रा


अशोकनगर,15 नम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में हैहय क्षत्रिय कलचुरी समाज के तत्वावधान में रविवार को भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंगल पैलेस, रेलवे स्टेशन के पास भव्य सामाजिक एवं धार्मिक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया।

जयंती समारोह का शुभारंभ सुबह 9: 30 बजे मंगल पैलेस से निकली भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में समाज के महिला-पुरुष और युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। विभिन्न स्थानों पर भगवान की प्रतिमा का पूजन एवं आरती कर स्वागत किया गया।

इसके बाद दोपहर 12 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती के साथ मुख्य समारोह का शुभारंभ हुआ। दोपहर 1: 30 बजे तक अतिथियों का उद्बोधन हुआ। इसके पश्चात दोपहर 1: 30 से 2 बजे तक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समाज की प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर दोपहर 2 बजे से प्रसादी वितरण प्रारंभ हुआ।

इस अवसर पर हैहय क्षत्रिय कलचुरी समाज के अध्यक्ष देवेंद्र शिवहरे ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने, नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोडऩे और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर है। समाज की एकता, शिक्षा और संगठन की मजबूती के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आबकारी ठेकेदार रविंद्र शिवहरे, निशांत राय (ग्वालियर), पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्रीय विधायक हरिबाबू राय सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए। पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार