home page

अशोकनगर: मौत के मुंह से बचाने वाले देवदूत 112 के पांच पुलिसकर्मी, एसपी ने किया सम्मानित

 | 
अशोकनगर: मौत के मुंह से बचाने वाले देवदूत 112 के पांच पुलिसकर्मी, एसपी ने किया सम्मानित


अशोकनगर, 29 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में संकट की घड़ी में तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए डायल-112 के पांच पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। कोतवाली थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और समय रहते उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के इसी सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने पांचों पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।

पांच पुलिसकर्मियों के काम को मिला सम्मान

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित ‘पुलिस गौरव पटल’ पर गुरुवार को नवंबर माह के लिए सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के रूप में चयनित इन पांचों कर्मियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। सम्मानित होने वालों में प्रधान आरक्षक इमरत सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक भागीरथ लोधा, आरक्षक भारत सिंह लोधी, आरक्षक महेश बघेल और डायल-112 पायलट धर्मेंद्र शर्मा शामिल हैं।

कर्तव्य के साथ मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल:

एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने पुलिसकर्मियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि संकट के समय नागरिकों की सहायता करना पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है। तत्परता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ किया गया ऐसा कार्य पुलिस की जनसेवा की भावना को दर्शाता है।

जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनके नाम और तस्वीरें गौरव पटल पर प्रदर्शित की जाती हैं, ताकि अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हों। अशोकनगर पुलिस की यह पहल पुलिस बल में सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार