home page

अशोकनगर: पंजाब नेशनल बैंक में 549.88 लाख रुपये का गबन, तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित कई पर प्रकरण दर्ज

 | 
अशोकनगर: पंजाब नेशनल बैंक में 549.88 लाख रुपये का गबन, तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित कई पर प्रकरण दर्ज


अशोकनगर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर पंजाब नेशनल बैंक शाखा में करीब 549.88 लाख रुपये के बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। इस मामले में मंगलवार को (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक, वेयर हाउस संचालकों और हितग्राहियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?जांच में सामने आया है कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक नितिन जायसवाल ने वेयर हाउस संचालक राजेंद्र कुमार और श्रेयांश कुमार के साथ मिलकर साजिश रची। इन्होंने एनसीएमएल कंपनी के कर्मचारी राजकुमार मीणा और सचिन्द्र जैन के माध्यम से अपात्र हितग्राहियों (बुंदेल सिंह गुर्जर, सुरेश सिंह यादव, ब्रजेश गुर्जर, श्रीमती विमलेश राजपूत और गजेंद्र सिंह राजपूत) को वर्ष 2016 से 2019 के बीच 549.88 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया।

आरोप है कि ऋण की राशि चुकाए बिना ही वेयर हाउस में रखे माल को रिलीज कर दिया गया, जिससे बैंक को करोड़ों की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम

लोन स्वीकृत करने से पहले बैंक अधिकारी द्वारा हितग्राहियों की सिबिल की कोई जांच नहीं की गई। वहीं जिस खाद्यान्न पर ऋण लिया गया, उसके स्टॉक और रजिस्टर की जांच नहीं की गई। नियमों की अनदेखी: बैंक अधिकारी ने कोलेटरल मैनेजर को सत्यापन के लिए कोई पत्र जारी नहीं किया और न ही कोई रिकॉर्ड रखा। बिना ऋण चुकाए ही खाद्यान्न रिलीज ऑर्डर जारी कर दिए गए।

मामले में आपराधिक साक्ष्य मिलने पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक नितिन जायसवाल, वेयर हाउस मालिकों, कर्मचारियों और हितग्राहियों सहित अन्य के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार