अशोकनगर: डैम में नहाने गए 3 नाबालिग दोस्तों की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाले शव
अशोकनगर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में सोमवार को तीन नाबालिग दोस्तों की डैम में डूबने से मौत हो गई। सभी दोस्त नहाने और मौज-मस्ती के लिए डैम पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही पलों में यह खुशी मातम में बदल गई। घटना नई सराय थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, कुल 6 दोस्त डैम में नहाने गए थे। शुरुआत में सभी किनारे के पास पानी में थे, लेकिन कुछ देर बाद तीन किशोर धीरे-धीरे गहराई की ओर बढ़ गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था। अचानक गहराई बढ़ने से वे संतुलन खो बैठे और पानी में डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वे घबरा गए और खुद को बचाते हुए बाहर निकल आए। इसके बाद वे तुरंत गांव पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते गांव के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन पानी की गहराई और सीमित संसाधनों के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही नई सराय थाना पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। गहराई अधिक होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों के शव डैम से बाहर निकाले। मृतकों की पहचान मयंक (16) पुत्र अवधेश रघुवंशी, देव (16) पुत्र राकेश रघुवंशी और ओम (15) पुत्र सतीश रघुवंशी के रूप में की गई है। तीनों दोस्त अजलेश्वर गांव के हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

