अशोकनगर: बालाजी मंदिर में प्रतिमा पर कुल्हाड़ी से हमला, 4 घंटे तक चक्काजाम
अशोकनगर, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के पिपरई थाना अंतर्गत रामलीला मैदान स्थित ऐतिहासिक बालाजी मंदिर में शनिवार शाम को सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां असामाजिक तत्वों ने धार्मिक भावनाएं आहत करते हुए भगवान श्रीबालाजी की प्रतिमा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से नागरिकों और हिन्दू संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रामायण पाठ के दौरान हुआ हमला:प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त मंदिर प्रांगण में श्रद्धालु पवित्र रामायण का पाठ कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि ग्राम लिधोरा निवासी नीलेश पुत्र सुखचंद नरवरिया मंदिर परिसर में पहुंचा और अचानक भगवान बालाजी की प्रतिमा पर कुल्हाड़ी से वार करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज भी की। मौके पर मौजूद सतर्क लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पिपरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और थाने लेकर पहुंच गई।
सडक़ पर उतरा जनसैलाब, तीन से चार घंटे रहा चक्काजाम:मंदिर में तोडफ़ोड़ की खबर आग की तरह पूरे नगर में फैल गई। कुछ ही देर में रामलीला मैदान पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन से चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासन के सामने रखी गईं ये प्रमुख मांगें:आक्रोशित प्रदर्शनकारियों और संतों ने प्रशासन के समक्ष चार सूत्रीय सख्त मांगें रखी हैं कि मंदिर से क्षतिग्रस्त प्रतिमा को तत्काल हटाकर वहां विधि-विधान के साथ भगवान श्रीबालाजी की नई प्रतिमा की स्थापना की जाए। मुख्य आरोपी के साथ-साथ उसके परिवार के अन्य संलिप्त सदस्यों के विरुद्ध भी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए। आरोपी पक्ष द्वारा किए गए किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पुख्ता इंतजाम करे।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर:घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर डटा हुआ है। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराने और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक चक्काजाम समाप्त नहीं हुआ था और क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

