home page

अशोकनगर: दिनदहाड़े व्यापारी से 20 लाख की लूट, बाइक से टक्कर मारकर रोका, हवाई फायर कर भागे

 | 
अशोकनगर: दिनदहाड़े व्यापारी से 20 लाख की लूट, बाइक से टक्कर मारकर रोका, हवाई फायर कर भागे


अशोकनगर, 3 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशाेकनगर जिले में अशोकनगर-गुना रोड पर बुधवार दोपहर एक बड़ी लूट की सनसनी खेज वारदात सामने आई है। नगऊखेड़ी गांव के पास रेलवे फाटक पर चार नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यापारी की स्कूटी को टक्कर मारकर 20 लाख रुपए लूट लिए। लूट के बाद बदमाश कट्टे से हवाई फायर कर भाग गए। व्यापारी काे सिर में चाेट आई है। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार शाढौरा निवासी नीरज साहू कृषि उपज मंडी में मक्का खरीद-फरोख्त का काम करते है। उन्हाेंने पुलिस काे बताया कि बुधवार दाेपहर काे करीब 2 बजे उन्हाेंने आईसीआईसीआई बैंक से 20 लाख रुपये निकाले थे। पैसाें काे स्कूटी की ढिग्गी में रखकर शाढौरा लौट रहे थे। इस दाैरान रेलवे फाटक और नगऊखेड़ी के बीच अचानक एक बाइक ने नीरज की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वे सड़क पर गिर गया, तभी दूसरी बाइक पर सवार दो और बदमाश आए। उन्होंने आगे-पीछे से घेर लिया। दो बाइकों पर कुल चार नकाबपाेश बदमाश थे। दो बदमाश नीरज काे पीटते रहे और दो डिक्की खोलने की कोशिश करते रहे। घटना के दौरान कई बाइक और कारें वहां से गुजरीं, लेकिन किसी ने रुक कर मदद नहीं की। बैग निकालने के बाद बदमाशाें ने कट्टे से हवाई फायर किया। सिर पर हमला किया। इसके बाद बदमाश रुपए लेकर अशोक नगर की ओर भाग निकले।

सूचना मिलते ही शाढौरा पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी, बैंक से निकलने के बाद की मूवमेंट और वारदात में इस्तेमाल बाइक की संभावित लोकेशन खंगाल रही है। यह भी जांच का विषय है कि क्या किसी ने व्यापारी की नकदी निकासी की जानकारी पहले से बदमाशों तक पहुंचाई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे