home page

सुरों और संगीत की अप्रतिम साधिका थीं आशा भोसले : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
सुरों और संगीत की अप्रतिम साधिका थीं आशा भोसले : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा भोसले के निधन पर दुख व्यक्त कर दी श्रद्धांजलि

भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे सुरों और संगीत की अप्रतिम साधिका थीं। उन्होंने गायन के क्षेत्र में असाधारण प्रतिभा प्रदर्शित की। वे अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की तरह बहुत योग्य और दक्ष गायिका थीं। शास्त्रीय संगीत और गायन का उन्होंने गहरा अभ्यास किया था।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि आशा भोसले ने अपने गायन करियर में कई दिग्गज कलाकारों के लिए गीत गाए। जिन भी अभिनेत्रियों के लिए उन्होंने गीत गाए उनको अपने अभिनय कैरियर में अपार सफलता मिली। आशा भोसले को पद्म विभूषण और दादासाहेब फाल्के जैसे बड़े अवॉर्ड मिले। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उन्हें सबसे ज्यादा गीत रिकॉर्ड करने वाली गायिका के रूप में स्थान मिला।

मध्य प्रदेश सरकार ने दिया था राष्ट्रीय सम्मान

गौरतलब है कि आशा भोसले ऐसी गायिका थीं जिन्हें मध्य प्रदेश शासन का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान वर्ष 1989-90 के लिए भी मिल चुका है। वे मध्य प्रदेश से बहुत लगाव रखती थीं। मध्य प्रदेशवासियों से उनका निरंतर संबंध रहा। वे यहां मंचीय प्रस्तुतियां देने के लिए आती रहीं। वर्ष 2011 में मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में वे राजधानी भोपाल आई थीं। राज्य सरकार ने उन्हें विभिन्न अवसरों पर कार्यक्रमों में आमंत्रित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर