मेडिकल जांच के लिए इंदौर पहुंचा आसाराम, कड़ी सुरक्षा में साइड गेट से कराया गया प्रवेश
इंदौर/भोपाल, 02 अप्रैल (हि.स.) । दुष्कर्म के मामले में आरोपी आसाराम बापू गुरुवार को मेडिकल जांच के लिए इंदौर पहुंचे। उन्हें सरकारी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल लाया गया, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका चेकअप किया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे आसाराम के 10-15 करीबी अनुयायी पहले ही अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने साइड गेट के रास्ते अंदर जाकर डॉक्टरों और स्टाफ को आसाराम के आने की सूचना दी। इसके बाद अस्पताल में हलचल बढ़ गई और विशेष इंतजाम किए गए। पिछली बार मुख्य गेट पर भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए इस बार उन्हें अलग रास्ते से अंदर लाया गया। अनुयायी और स्टाफ पूरे समय व्यवस्था संभालते नजर आए।
व्हीलचेयर से इनकार, सहारे से पहुंचे अंदर
करीब 11 बजे आसाराम की कार साइड गेट पर पहुंची। पहले अनुयायी उतरे, फिर उन्होंने आसाराम को सहारा देकर बाहर निकाला। सफेद धोती-पायजामा पहने आसाराम को व्हीलचेयर दी गई, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और रेलिंग का सहारा लेकर धीरे-धीरे अस्पताल के भीतर पहुंचे। अस्पताल में उनके चेकअप के साथ कुछ जरूरी जांचें भी की गईं। इस दौरान सुरक्षा इतनी सख्त रही कि बाहरी लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई थी। केवल डॉक्टर और इमरजेंसी स्टाफ को ही अंदर जाने की अनुमति थी।
स्वास्थ्य कारणों से कराया गया चेकअप
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उन्हें जांच के लिए लाया गया था और वे फिलहाल इंदौर में ही रुके हुए हैं। उधर, खंडवा रोड स्थित उनके आश्रम में गीता-भागवत सत्संग और पूनम दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि वे वहां भी जा सकते हैं।
पहले भी हार्ट की समस्या के चलते हुए थे भर्ती
इससे पहले अगस्त में जुपिटर हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती किया गया था, जहां हार्ट की समस्या के कारण आईसीयू में रखा गया था। जांच में उनका ट्रोपोनिन लेवल काफी बढ़ा हुआ पाया गया था, जो हृदय संबंधी परेशानी का संकेत माना जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

