home page

सागर: आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के वार्षिक उत्सव में पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

 | 
सागर: आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के वार्षिक उत्सव में पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मेधावी छात्र हुए सम्मानित


सागर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत शनिवार को सागर स्थित आर्ट एंड कॉमर्स (कला एवं वाणिज्य) महाविद्यालय सागर के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मंत्री राजपूत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा और कौशल के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा, छात्र ही देश का भविष्य हैं और उनकी शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में सफलता के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं रह गई है। वर्तमान पीढ़ी के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में न केवल खुद को साबित कर रहे हैं, बल्कि वैश्विक पटल पर देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।

वार्षिक उत्सव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मंत्री जी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के जीवन में मील का पत्थर साबित होते हैं। यह मंच विद्यार्थियों को आपसी भाईचारे के साथ अपनी छिपी हुई रचनात्मकता और प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करता है। पढ़ाई के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों में शामिल होना व्यक्तित्व विकास के लिए अनिवार्य है।

समारोह के दौरान मंत्री राजपूत ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुखदेव मिश्रा, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, भाजपा नेता नेवी जैन, और प्रोफेसर अमर कुमार जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ और उत्साहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे