home page

राजगढ़ः बाइक सवार युवक के कब्जे से दो लाख की स्मैक जब्त

 | 
राजगढ़ः बाइक सवार युवक के कब्जे से दो लाख की स्मैक जब्त


राजगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना पुलिस टीम ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि अभियान के तहत वाहन चैकिंग के दौरान बाइक सवार युवक को पकड़ा और उसके कब्जे से 20 ग्राम स्मैक जब्त की, जिसकी कीमत दो लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की।

थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत ने शनिवार को बताया कि बीती शाम साहिब बंदगी आश्रम पिपल्या रसोड़ा के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक पुलिस को देखकर वापस जाने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनंत सिंह पुत्र दीपक सिंह (18 वर्ष 2 माह), निवासी घनसोली, थाना महाराष्ट्र, हाल निवासी ग्राम कड़िया सांसी, थाना बोड़ा बताया। तलाशी के दौरान आरोपित ने अपने लोअर की जेब से 20 ग्राम स्मैक की पुड़िया निकालकर पुलिस के सामने पेश की। पुलिस ने उससे मादक पदार्थ रखने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई लाइसेंस या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक व दो लाख रुपए की स्मैक जब्त की है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 8/21एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरु की। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी देवेन्द्र राजपूत, एसआई राहुल सेंधव, प्रआर.धनसिंह अहिरवार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक