राजगढ़ः हाईवे पर कार की छत पर खड़े होकर स्टंट करने वाला युवक गिरफ्तार
राजगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर चलती कार की छत पर खड़े होकर स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल हुंडई औरा कार भी जब्त की है।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक युवक हाईवे पर अपनी कार की छत पर खड़ा दिखाई दे रहा था। उसने कार को चालू हालत में छोड़ रखा था। इस दौरान कार सड़क पर चलती रही। युवक की यह हरकत न केवल उसकी खुद की जान के लिए खतरा थी, बल्कि हाईवे से गुजरने वाले दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में डाल रही थी। वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेकर जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान मुकेश (25) पुत्र करणसिंह तंवर निवासी ग्राम रामपुरिया के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर स्टंट में इस्तेमाल कार क्रमांक एमपी 04 जेडके 7216 जब्त कर ली।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने 31 अक्टूबर 2026 की रात यह वीडियो बनाया था और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 281, 125 बीएनएस और एमव्ही. एक्ट की धारा 184 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों और हाईवे पर खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही से दूसरे राहगीरों और वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

